धरमपुरी के समीप यात्री बस पलटी, 12 यात्री घायलः धरमपुरी से धामनोद जा रही थी, खलघाट-मनावर रोड पर हादसा
अश्विन जायसवाल धामनोद:-
धार जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में खलघाट-मनावर रोड पर एक यात्री बस पलट गई। इस हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। यह बस धरमपुरी से धामनोद की ओर जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, जैन बस क्रमांक GJ 01 DV 7987 में लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही धरमपुरी पुलिस मौके पर पहुंची।
बस में सवारी यात्रियों ने बताया कि त्योहारों के चलते बस में अत्यधिक भीड़ थी, वही ओवरटेक करते समय बस चालक से बस अनियंत्रित हो गई जिससे वह रोड से नीचे उतरकर एक खेत में जा पलटी, गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई ना ही कोई गंभीर रूप से घायल है सभी आशिक घायलों को धर्मपुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया

ग्राम लुन्हैरा खुर्द के ग्रामीणों और राहगीरों ने मिलकर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। घटना के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि पूर्व में भी इसी जगह एक बड़ा बस हादसा हुआ था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि त्योहारों के चलते इन दिनों सड़कों पर ओवरलोड और तेज रफ्तार से यात्री बसें दौड़ रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
